दिल्ली-एनसीआर से सटे गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद(28 मई 2026) के दिन हुई सूर्य चौहान की हत्या के बाद माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है। मामले के मुख्य आरोपित असद को यूपी पुलिस द्वारा एनकाउंटर में मार गिराए जाने के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है। तो वहीं दूसरी ओर घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है बाजार बंद है।
घटना के मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद ऑपइंडिया की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों, पीड़ित परिवार और आसपास के निवासियों से असद के एनकाउंटर पर बातचीत की। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने हमसे बात करने से परहेज किया और हमारे कैमरे से दूरी बनाई या फिर जो लोग कैमरे पर भी आए तो उन्होंने मामले पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
‘जो हुआ गलत हुआ, लेकिन अपराधी को सजा मिलनी चाहिए’
करीब 60 वर्षीय स्थानीय निवासी वहीद ने कहा कि खोड़ा में पिछले कई दशकों में उन्होंने इस तरह की घटना पहली बार देखी है। उन्होंने कहा कि हत्या गलत हुई और इससे पूरे इलाके का माहौल खराब हो गया। उनके अनुसार एक व्यक्ति की करतूत के कारण पूरा बाजार बंद है और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने असद के एनकाउंटर को उचित बताते हुए कहा कि अपराधी का अंत होना चाहिए था।
एक अन्य मुस्लिम निवासी ने भी कहा कि “जिसने जैसा किया, वैसा भुगता।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मुस्लिम समाज को गालियां देना उचित नहीं है क्योंकि अपराध किसी एक व्यक्ति ने किया था। स्थानीय महिला सपना झा ने कहा कि मुख्य आरोपित के खिलाफ हुई कार्रवाई से उन्हें संतोष मिला है, लेकिन मामले में शामिल अन्य आरोपितों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
महिला ने दावा किया कि घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी तो ऐसे तत्वों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने आरोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की।
असद के मकान पर प्रशासन का नोटिस, पड़ोसी ने बताई सच्चाई
असद के एनकाउंटर के बाद जिला प्रशासन के कार्रवाई करते हुए असद के मकान पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। नोटिस में जमीन को बंजर भूमि बताते हुए अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि 15 दिन में कब्जा नहीं हटाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। इलाके की एक महिला ने नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बताया कि आरोपित असद का परिवार वर्षों से इलाके में रह रहा था। आरोपी असद का व्यवहार पहले से ही ठीक नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
आपको बता दें कि बकरीद के दिन गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में सूर्य चौहान की बकरा कुर्बानी की शैली में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपित असद को बाद में एनकाउंटर में मार गिराया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इस मामले सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी सीधा संज्ञान लिया है।





