kerala kumbh after 270 yrs

270 साल बाद लौटा ‘मामनकाम’: केरल का भूला हुआ महाकुंभ

Summary
केरल का प्राचीन ‘मामनकाम’ पर्व आखिर क्या था? जानिए चावर योद्धाओं, जामोरीन, टीपू सुल्तान और 270 साल बाद हुए इस हिंदू सांस्कृतिक पुनर्जागरण की पूरी कहानी।

 केरल, जिसका नाम अब ‘केरलम’ पढ़ा जाने लगा है, यहाँ की एक नदी है ‘भरतप्पुझा नदी’, जिसकी लहरें सदियों से एक ऐसी गाथा सुना रही हैं, जिसे इतिहास की किताबों ने सफेद पन्नों में दफन कर दिया। एक ऐसी गाथा, जिसमें धर्म की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देना केवल एक ‘शब्द’ नहीं, बल्कि एक ‘मरणव्रत’ था। मरणव्रत यानी मृत्यु होने तक उपवास रखना।

हम बात कर रहे हैं ‘मामनकाम पर्व’ की। भारत का वो भूला हुआ महाकुंभ, जो अपनी ही राख से दोबारा जीवित हो उठा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने ‘मन की बात’ में भी इसका जिक्र किया। यह सुनकर पूरी दुनिया चौंक गई। तो आज बात करेंगे कि ये उत्सव क्या था? क्यों इस उत्सव में योद्धा सिर्फ मरने के लिए आते थे? और क्यों इसे 270 सालों तक दबाकर खामोश रखा गया? आज हम इस पर्व के गौरवशाली इतिहास पर बात करेंगे।

उत्तर भारत के प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक के महाकुंभ होते हैं, ये तो सारी दुनिया को पता है। इन सारे तीर्थ स्थलों पर होने वाले कुंभ को UNESCO ने ‘Heritage of Humanity’ माना। लेकिन दूर दक्षिण में, केरल की पवित्र ‘भरतपुझा’ या ‘नीला’ नदी के तट पर ‘मामांकम’ का वही स्थान था, जिसे भुला दिया गया।

बृहस्पति यानी Jupiter को एक Complete Cycle पूरा करने में करीब 12 साल लगते हैं। जब वह घूमकर दोबारा माघ नक्षत्र में आता है, तब यह विशेष संयोग बनता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान परशुराम ने खुद इस परंपरा की नींव इस नदी के किनारे रखी थी, ताकि केरल की धार्मिक मर्यादा बनी रहे। मामांकम त्योहार, केरल की हिंदू अस्मिता का सर्वोच्च केंद्र था।

Medieval Period में आते-आते जब चेर साम्राज्य गिरने लगा, तब इस उत्सव को वल्लुवनाड के राजा होस्ट करते थे। वल्लुवनाड के राजा को ‘रक्षपुरुष’ कहा जाता था। लेकिन 13वीं सदी के आसपास, कालीकट के शक्तिशाली शासक ‘सामुथिरी’ यानी जामोरीन ने हमला करके तिरुनावाया का नियंत्रण छीन लिया और खुद को मामनकाम का सर्वेसर्वा घोषित कर दिया।

वल्लुवनाड के राजा के लिए यह सिर्फ हार नहीं थी। यह उनके पूर्वजों और कुलदेवी ‘तिरुमंधामकुन्नु भगवती’ का अपमान था। यहीं से शुरू हुई वो रोंगटे खड़े कर देने वाली परंपरा, जिसने एक धार्मिक उत्सव को दुनिया के सबसे साहसी ‘खूनी संघर्ष’ में बदल दिया।

वल्लुवनाड के राजा ने जामोरीन के वर्चस्व को चुनौती देने के लिए ‘चावर योद्धाओं’ को भेजना शुरू किया। ‘चावर’ का मतलब है, ‘वो योद्धा जो मृत्यु के लिए समर्पित हैं।’ ये ‘नायर समुदाय’ के चार मुख्य घरानों से आने वाले वो जांबाज थे, जिनके लिए पीछे हटना शब्द उनकी ‘Dictionary’ में नहीं था।

मामनकाम में जाने से पहले ये योद्धा एक ‘अंतिम भोज’ करते थे, जिसे उनकी अंतिम विदाई माना जाता था। वे अपनी वसीयत लिखते थे, अपनी संपत्ति परिवार को सौंप देते थे और फिर शरीर पर भस्म लगाकर, हाथ में तलवार लिए मौत के नाच के लिए निकल पड़ते थे। उनका एक ही लक्ष्य होता था, ‘जामोरीन की हत्या’, जो 30,000 सैनिकों की सुरक्षा के बीच एक ऊँचे मंच ‘निलापडु थारा’ पर खड़ा होता था।

ब्रिटिश शासन के अधीन एक स्कॉटिश अधिकारी William Logan ने ‘मालाबार मैनुअल’ में लिखा है कि ये योद्धा अकेले ही हजारों की सेना में घुस जाते थे और तब तक लड़ते थे, जब तक उनकी आखिरी सांस न निकल जाए।

साल 1755 में, मात्र 16 साल के बालक ‘पुतुमन कंदरु मेनन’ ने जामोरीन पर ऐसा हमला किया कि वह मौत के मुंह से बाल-बाल बचा। बलिदानी योद्धाओं के शवों को ‘मणिक्किनार’ नाम के कुएँ में फेंक दिया जाता था। यह बलिदान धर्म और सम्मान की रक्षा का वह प्रमाण था, जिसे आज का आधुनिक समाज सोच भी नहीं सकता।

लेकिन फिर आया 18वीं सदी का वह काला दौर। Hyder Ali और Tipu Sultan के आक्रमणों ने मालाबार की धरती को लहूलुहान कर दिया। टीपू सुल्तान ने तिरुनावाया के मंदिरों को नष्ट किया और व्यापारिक मार्गों को बंद कर दिया, जिससे मामांकम का आयोजन असंभव हो गया।

इसके बाद आए अंग्रेज। 1792 की ‘श्रीरंगपट्टनम की संधि’ के बाद मालाबार ब्रिटिश नियंत्रण में आ गया। अंग्रेजों ने इन ‘चावर’ योद्धाओं को ‘कट्टरपंथी विद्रोही’ मानकर प्रतिबंधित कर दिया। राजाओं की सैन्य शक्ति छीन ली गई और लगभग 270 सालों तक मामांकम का शंखनाद खामोश हो गया। इसे इतिहास की धूल में दबा दिया गया, ताकि हम अपना गौरव भूल जाएँ।

लेकिन अयोध्या से लेकर ज्ञानवापी और भोजशाला तक, दुनिया ने देखा है कि जो सनातन है, वह हमेशा लौट आता है। 270 सालों के बाद, 2026 में तिरुनावाया की मिट्टी फिर से चहक उठी। ‘श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा’ और Swami Anandvanam Bharati के नेतृत्व में ‘महामाघ महोत्सव’ का पुनरुद्धार हुआ। स्वामी जी, जो कभी साम्यवाद की राह पर थे, आज सनातन की मशाल लेकर केरल को उसकी जड़ों से जोड़ रहे हैं।

17 दिनों तक चले इस उत्सव में 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए। वाराणसी के पंडितों ने ‘नीला आरती’ की, जो इस बात का प्रतीक था कि उत्तर और दक्षिण की आत्मा एक ही है। यह केवल एक धार्मिक स्नान नहीं, बल्कि ‘सांस्कृतिक मुक्ति’ का शंखनाद है।

मामनकाम की यह वापसी कोई इकलौती घटना नहीं है। यह उस विशाल अभियान का हिस्सा है, जो पिछले 10 सालों में पूरे भारत में चल रहा है।

पश्चिम बंगाल की ‘त्रिवेणी कुंभ’ की कहानी देखिए। करीब 700 सालों तक इस परंपरा का गला घोंटा गया था। लेकिन बंगाल के कुछ उत्साही लोगों ने पुरानी पांडुलिपियों को खोजा, स्थानीय लोककथाओं को खंगाला और फिर से उस लुप्त तीर्थ को जीवित करने की ठानी। प्रधानमंत्री मोदी ने जब ‘मन की बात’ में इसका जिक्र किया, तो पूरा देश बंगाल की इस जीत का गवाह बना। आज त्रिवेणी के घाटों पर हजारों लोग फिर से सनातन की जय-जयकार कर रहे हैं।

यही नहीं, लद्दाख की जमा देने वाली ठंड में ‘सिंधु दर्शन’ और ‘सिंधु कुंभ’ ने दुनिया को दिखाया कि हिमालय की ऊंचाइयों पर भी भारत का दिल धड़कता है। दक्षिण में गोदावरी और कृष्णा ‘पुष्करम’ को आज उत्तर भारत का हर व्यक्ति जानने लगा है। उत्तर प्रदेश में अयोध्या, काशी और उज्जैन का कायाकल्प तो हम देख ही रहे हैं, लेकिन अब हुगली से लेकर भरतपुझा तक हर विस्मृत तीर्थ जाग रहा है।

जाहिर है, इस सांस्कृतिक पुनर्जागरण से उन लोगों को तकलीफ होगी, जिन्होंने दशकों तक भारत को उसकी जड़ों से काटा। The News Minute जैसे मीडिया संस्थानों ने मामांकम को ‘सांप्रदायिक’ कहने की कोशिश की। उन्होंने तर्क दिया कि यह तो बस एक ‘सेकुलर व्यापार मेला’ था।

लेकिन उनसे पूछिए, क्या कोई व्यापारी अपनी कुलदेवी के नाम पर ‘मरणव्रत’ लेता है? क्या कोई व्यापार मेला खगोलीय माघ नक्षत्र पर आधारित होता है? यह प्रोपेगेंडा दरअसल उस ‘स्मृति के जागरण’ से उपजा डर है, जो आज हर हिंदू के मन में हो रहा है। जैसा कि स्वामी आनंदवनम भारती ने कहा, ‘हिंदुत्व हमारी पहचान है और हमें इसके लिए किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है।’

‘मामांकम’ का पुनरुद्धार एक संदेश है कि टीपू की तलवार और अंग्रेजों के कानून जिस संस्कृति को नहीं मिटा सके, उसे अब कोई प्रोपेगेंडा नहीं दबा सकता। केरल, जिसे कभी साम्यवाद की प्रयोगशाला कहा गया, आज सनातन की रणभूमि और भक्ति का केंद्र बनकर उभर रहा है।

2026 का ‘महामाघ महोत्सव’ तो बस एक शुरुआत है। यह उस भारत का उदय है, जहाँ हर विस्मृत तीर्थ, हर खोई हुई नदी और हर बलिदान की गाथा फिर से अपने गौरव को प्राप्त करेगी। यह ‘विरासत भी, विकास भी’ का वह स्वर्णिम काल है, जिसका हिस्सा हम और आप हैं।

क्या आपको लगता है कि आपके क्षेत्र में भी कोई ऐसा प्राचीन तीर्थ या परंपरा है, जिसे दुनिया भूल गई है? कमेंट्स में जरूर बताइए। हम उस पर कहानी लेकर आएंगे। और हाँ, अगर यह जानकारी आपको महत्वपूर्ण लगी, तो इस वीडियो को शेयर जरूर करें, ताकि हर भारतीय को पता चले कि हमारा इतिहास पराजयों का नहीं, बल्कि ‘अदम्य प्रतिरोध’ का इतिहास है।

Editorial team:
Production team:

More videos with Ritika Chandola as Anchor/Reporter